मध्य प्रदेश

तंबाकू मुक्त युवा अभियान 4.0 को जन आंदोलन बनाएं : उप मुख्यमंत्री शुक्ल

युवाओं को तंबाकू की लत से बचाना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी

28 अक्टूबर से 26 दिसंबर तक संचालित होगा 60 दिवसीय अभियान

भोपाल
उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने प्रदेशवासियों से तंबाकू मुक्त युवा अभियान 4.0 को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि तंबाकू और निकोटीन की लत युवाओं के स्वास्थ्य, क्षमताओं और भविष्य के लिए गंभीर चुनौती है। बच्चों और युवाओं को इस लत से बचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। अभियान का उद्देश्य युवाओं को तंबाकू के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है। उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने कहा कि तंबाकू मुक्त युवा अभियान 4.0 को केवल सरकारी अभियान तक सीमित न रखते हुए इसे बच्चों के स्वस्थ भविष्य और समाज की सुरक्षा से जुड़े जन आंदोलन का स्वरूप देना आवश्यक है। इसके लिए युवाओं, अभिभावकों, शिक्षकों, जनप्रतिनिधियों, ग्राम पंचायतों और सामाजिक संगठनों को सक्रिय भागीदारी निभानी होगी। यह सुनिश्चित करना होगा कि बच्चे और युवा तंबाकू उत्पादों के प्रलोभन या दबाव का शिकार न बनें।

उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने कहा कि प्रत्येक विद्यालय और महाविद्यालय को तंबाकू मुक्त बनाने तथा हर गाँव को तंबाकू मुक्त गाँव की दिशा में आगे बढ़ाने के लिए ठोस प्रयास किए जाने चाहिए। ग्राम सभाओं, ग्राम पंचायतों, नगरीय निकायों, शिक्षण संस्थानों और सामाजिक संगठनों के माध्यम से व्यापक जनजागरूकता विकसित की जाए। तंबाकू नियंत्रण संबंधी नियमों के पालन में भी सभी संबंधित संस्थाओं और नागरिकों की सक्रिय भूमिका आवश्यक है। उन्होंने 28 अक्टूबर से 26 दिसंबर 2026 तक संचालित होने वाले 60 दिवसीय अभियान को सफल बनाने के लिए संबंधित विभागों और जिला प्रशासन से समन्वित प्रयास करने का आह्वान किया। तंबाकू छोड़ने के इच्छुक व्यक्तियों को आवश्यक परामर्श एवं सहायता उपलब्ध कराने के लिए तंबाकू व्यसन मुक्ति केंद्रों और राष्ट्रीय तंबाकू क्विटलाइन की सेवाओं के संबंध में भी जागरूकता बढ़ाई जानी चाहिए। इसके लिए राष्ट्रीय तंबाकू क्विटलाइन नंबर 1800-11-2356 पर संपर्क किया जा सकता है।

उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने प्रदेशवासियों से अपने घर, विद्यालय, गाँव और शहर को तंबाकू मुक्त बनाने के लिए संकल्प लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि तंबाकू के सेवन को सामान्य मानने वाली सोच में बदलाव लाना समय की आवश्यकता है। जागरूक युवा स्वस्थ परिवार की नींव है और तंबाकू मुक्त गाँव स्वस्थ मध्यप्रदेश की पहचान है। उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने कहा कि स्वस्थ युवा, तंबाकू मुक्त गाँव, सशक्त मध्यप्रदेश और तंबाकू मुक्त भारत का लक्ष्य सामूहिक प्रयासों और जनभागीदारी से ही प्राप्त किया जा सकता है।

 

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button