राजनीतिक

संसदीय समितियों में बड़ा फेरबदल: टीएमसी से छिनी दो अध्यक्षता, सुधांशु त्रिवेदी को मिली कमान

नई दिल्ली
संसद की विभाग-संबंधी स्थायी समितियों का शनिवार को पुनर्गठन किया गया। राज्यसभा के सभापति सीपी राधाकृष्णन, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने विभिन्न समितियों के अध्यक्षों में बदलाव किया। इस फेरबदल में तृणमूल कांग्रेस से दो अहम संसदीय समितियों की अध्यक्षता चली गई।

वाणिज्य संबंधी समिति की जिम्मेदारी बीजेपी के सुधांशु त्रिवेदी को दी गई है, जबकि केमिकल्स एंड फर्टिलाइजर्स समिति की अध्यक्ष काकोली घोष दस्तीदार बनी हैं।

कांग्रेस सांसद शशि थरूर को एक बार फिर से अहम जिम्मेदारी दी गई है। उन्हें विदेश मामलों की समिति का फिर अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। गृह मामलों की समिति का अध्यक्ष एक बार फिर डॉ. राधा मोहन दास अग्रवाल को बनाया गया है।

टीएमसी की बागी सांसद ने छीनी अध्यक्षता
पूर्व केंद्रीय मंत्री और लोकसभा सांसद अनुराग ठाकुर कोयला, खान और इस्पात से जुड़ी समिति के अध्यक्ष पद पर बरकरार रहेंगे। जेडीयू से राज्यसभा सांसद संजय कुमार झा को एक बार फिर से परिवहन संबंधी संसदीय समिति के अध्यक्ष के रूप में नियुक्त किया गया है।

वहीं, इस प्रक्रिया के दौरान ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस से लोकसभा सांसद कीर्ति आजाद को बड़ा झटका लगा है। आजाद रसायन और उर्वरक संबंधी संसदीय समिति के अध्यक्ष थे, लेकिन इस साल उनके स्थान पर टीएमसी की बागी सांसद काकोली घोष दस्तीदार को समिति का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।

वाणिज्य संबंधी संसदीय समिति के अध्यक्ष के रूप में टीएमसी की राज्यसभा सांसद डोला सेन की जगह इस साल भाजपा के राज्यसभा सांसद डॉ. सुधांशु त्रिवेदी को नियुक्त किया गया है।

इनको फिर मिली कमान
भाजपा सांसद निशिकांत दुबे को संचार और सूचना प्रौद्योगिकी पर संसदीय समिति का प्रमुख फिर से नियुक्त किया गया। कांग्रेस सांसद चरणजीत चन्नी कृषि संबंधी समिति के प्रमुख बने रहेंगे।

सपा सांसद राम गोपाल यादव स्वास्थ्य और परिवार कल्याण संबंधी समिति के अध्यक्ष पद पर बरकरार रहेंगे और कांग्रेस के मुकुल वासनिक को एक बार फिर से शिक्षा, महिला, बाल और युवा मामलों संबंधी संसदीय समिति के अध्यक्ष पद पर नियुक्त किया गया है।

डीएमके सांसद तिरुचि शिवा उद्योग संबंधी संसदीय समिति के अध्यक्ष नियुक्त किए गए हैं और भाजपा के सुजीत कुमार कार्मिक, लोक शिकायत, कानून और न्याय संबंधी संसदीय समिति के अध्यक्ष चुने गए हैं।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button