खेल

462 रन पर सिमटी टीम इंडिया, पारी घोषित न करने पर गौतम गंभीर-शुभमन गिल की रणनीति पर सवाल

नई दिल्ली
भारत और श्रीलंका के बीच गॉल के मैदान पर पहला टेस्ट खेला जा रहा है। सोमवार को मैच का तीसरा दिन है। भारत का रविवार को स्टंप्स के समय पहली पारी में स्कोर 460/9 था। हालांकि, भारत ने सिर्फ विकेट बचा होने के बावजूद तीसरे दिन बैटिंग की और केवल चार गेंद खेलीं। भारत ने महज दो रन जुटाए और पारी 116.4 ओवर में 462 सिमट गई। प्रसिद्ध कृष्णा (7 गेंदों में दो) भारत की ओर से आउट होने वाले आखिरी प्लेयर रहे। कुलदीप यादव ने 14 गेंदों में नाबाद 13 रन जुटाए। पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज डोड्डा गणेश ने टीम मैनेजमेंट के इस फैसले पर सवाल उठाया है। वह हेड कोच गौतम गंभीर और कप्तान शुभमन गिल की डिफेंसिव रणनीति से खुश नहीं। उन्होंने कहा कि तीसरे दिन बल्लेबाजी करने की क्या जरूरत थी।

'दो पुछल्ले बल्लेबाजों के साथ…'
डोड्डा गणेश ने सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, ''आप तीसरे दिन सुबह दो पुछल्ले बल्लेबाजों के साथ बैटिंग क्यों करेंगे?'' पूर्व भारतीय पेसर ने दूसरे दिन भी भारत की रणनीति पर सवाल उठाते हुए कहा था कि ध्रुव जुरेल का विकेट गिरने के बाद टीम को पारी घोषित कर देनी चाहिए थी। उन्होंने रविवार को लिखा, ''समझ में नहीं आता कि जुरेल के आउट होने के बाद भी हमने पारी घोषित क्यों नहीं की'' बता दें कि गॉल टेस्ट में शुरुआती दो दिनों में बारिश के कारण काफी समय बर्बाद हुआ। तीसरे दिन भी बारिश की संभावना है और ऐसे में भारत जल्द से जल्द श्रीलंका को समेटना चाहेगा। भारत की नजर वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) 2025-27 फाइनल की उम्मीदों को मजबूत रखने पर है, जिसके लिए श्रीलंका में दमदार प्रदर्शन करना अहम है।

लंच ब्रेक तक भारतीय टीम का दबदबा
भारत ने देवदत्त पडिक्कल (167) के दम पर मजबूत स्कोर खड़ा करने के बाद लंच ब्रेक तक श्रीलंका का शीर्ष क्रम ध्वस्त कर दिया। स्पिनर मानव सुथार की अगुवाई में भारतीय गेंदबाजों ने पहले सेशन में श्रीलंका के 99 रन पर पांच विकेट गिरा दिए। तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज ने पारी की दूसरी ही गेंद पर ही श्रीलंका को पहला झटका दिया। उन्होंने निशान फर्नांडो (0) को पहली स्लिप में खड़े देवदत्त पडिक्कल को कैच कराया। इससे श्रीलंका की टीम दबाव में आ गई जिसका भारतीय स्पिनरों ने पूरा फायदा उठाया। सुथार ने अपनी पहली ही गेंद पर कमाल दिखाया और अनुभवी दिनेश चांदीमल (4) आउट किया। सुथार ने तेजी से टर्न लेती गेंद पर लाहिरू उदरा (27) का शिकार किया। कामिंदु मेंडिस (14) खुद को थोड़ा बदकिस्मत मानेंगे क्योंकि कुलदीप यादव की गेंद पर लगाया गया उनके ऊंचे शॉट को शुभमन गिल ने डाइव लगाकर कैच में बदल दिया। रविंद्र जडेजा ने श्रीलंका के कप्तान धनंजय डिसिल्वा (21) को पवेलियन भेजा।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button