मनोरंजन

खेसारी-अंजना विवाद में घमासान, भोजपुरी इंडस्ट्री की छवि पर उठे सवाल

भोजपुरी सिनेमा इन दिनों फिल्मों से ज्यादा सोशल मीडिया पर चल रही जुबानी जंग को लेकर सुर्खियों में है. एक तरफ हैं अंजना सिंह, तो दूसरी तरफ खेसारी लाल यादव और उनके समर्थक. मामला इतना बढ़ गया कि इसमें गाली-गलौज, निजी जिंदगी पर आरोप, ट्रोलिंग, परिवार को घसीटना और चप्पल दिखाने तक की नौबत आ गई. अब भोजपुरी इंडस्ट्री के कई कलाकार भी इस विवाद में कूद पड़े हैं.

पॉडकास्ट से शुरू हुआ बवाल
पूरा मामला तब शुरू हुआ, जब अंजना सिंह एक पॉडकास्ट में पहुंचीं. वहां उनसे खेसारी लाल यादव के उस पुराने बयान पर सवाल पूछा गया, जिसमें उन्होंने कास्टिंग काउच पर कहा था कि 'हर हीरोइन कहती है कि इंडस्ट्री में कास्टिंग काउच होता है, लेकिन मैंने तो नहीं किया. फिर हुआ किसके साथ?'

इस सवाल पर अंजना ने खेसारी का मजाक उड़ाते हुए कहा कि वो कुछ भी बोलते हैं, उनकी बातों का कोई मतलब नहीं होता. बस, यहीं से सोशल मीडिया पर बवाल शुरू हो गया.

खेसारी के फैंस हुए आगबबूला, चुप नहीं रहीं अंजना
अंजना का बयान सामने आते ही खेसारी लाल यादव के फैंस भड़क गए. सोशल मीडिया पर अंजना को जमकर ट्रोल किया गया. उन्हें लेकर आपत्तिजनक टिप्पणियां की गईं. बात यहीं नहीं रुकी, कुछ ट्रोल्स ने उनकी बेटी को लेकर भी अभद्र टिप्पणियां करनी शुरू कर दीं.

ट्रोलिंग से नाराज अंजना सिंह इंस्टाग्राम लाइव पर आईं. यहां उन्होंने खेसारी लाल यादव और उनकी टीम पर कई गंभीर आरोप लगाए.

लाइव के दौरान अंजना ने खेसारी की निजी जिंदगी का भी जिक्र किया. उन्होंने दावा किया कि एक पुराने होटल विवाद में खेसारी लाल यादव को उनकी पत्नी चंदा यादव ने कथित तौर पर दूसरी एक्ट्रेस के साथ पकड़ लिया था. अंजना ने ये भी आरोप लगाया कि उस दौरान उनकी पिटाई हुई थी. इसके साथ ही उन्होंने खेसारी के लिए अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल किया. खबर है कि इसी दौरान उन्होंने पर आपत्तिजनक और जातिसूचक शब्दों का भी इस्तेमाल किया.

खेसारी ने बिना नाम लिए दिया जवाब
पूरे विवाद के दौरान खेसारी लाल यादव ने सीधे तौर पर अंजना सिंह का नाम नहीं लिया. हालांकि उन्होंने इंस्टाग्राम लाइव के जरिए अपने फैंस का समर्थन करने के लिए धन्यवाद कहा और कहा कि आप लोगों का शुक्रिया जो इतना प्यार जताया और मेरे लिए लड़े. इसे कई लोगों ने इस विवाद पर उनका अंजना को दिया जवाब माना.

खेसारी ने भले ही इतने पर चुप्पी साध ली लेकिन उनकी टीम और समर्थकों ने भी अंजना पर पलटवार शुरू कर दिया. सोशल मीडिया पर उन्हें 'बूढ़ी चाची' और 'आंटी' जैसे शब्द कहे गए. ट्रोलिंग लगातार बढ़ती गई और विवाद और ज्यादा गर्म हो गया.

चप्पल दिखाकर दी चेतावनी
इसके बाद अंजना सिंह एक बार फिर लाइव आईं. इस बार उन्होंने खेसारी की टीम से जुड़े लेखक अखिलेश कश्यप पर धमकी देने का आरोप लगाया. लाइव के दौरान उन्होंने आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया, खेसारी को अनपढ़-गंवार बताते हुए जातिसूचक शब्द कहे और कैमरे पर चप्पल दिखाते हुए मारने तक की बात कह दी. इसके बाद ये विवाद सोशल मीडिया पर और ज्यादा वायरल हो गया.

हालांकि खेसारी के सपोर्टर ने एक वीडियो जारी कर हंसी उड़ाते हुए कहा कि क्यों इतना बोल रही हो, लाइमलाइट में आने के लिए विवाद को खामखा तूल दिए जा रही हो. ये सुनकर अंजना फिर भड़क गई और कहा कि- मेरी साल में 20-20 फिल्में आ जाती हैं. 3 साल में 2 फिल्म करने वालों को जरूरत होगी विवाद पैदा करने की. ये तुम लोगों का हमेशा से है जब कोई गाना लाना होता है कॉन्ट्रोवर्सी करने लगते हो.

इंडस्ट्री भी बंट गई
अब ये मामला सिर्फ दो कलाकारों तक सीमित नहीं रहा. भोजपुरी इंडस्ट्री के कई कलाकार खुलकर सामने आए. कुछ ने कहा कि किसी भी महिला को इस तरह ट्रोल करना और उसके परिवार को निशाना बनाना गलत है. वहीं कुछ लोगों का मानना है कि सार्वजनिक मंच पर इस तरह की भाषा और निजी आरोपों से पूरी भोजपुरी इंडस्ट्री की छवि खराब हो रही है.

अंजना सिंह के सपोर्ट में उनके एक्स-हसबैंड यश कुमार मिश्रा भी सामने आए. इतना ही नहीं, यश की मौजूदा पत्नी निधि झा ने भी अंजना का समर्थन करते हुए कहा कि किसी महिला का इस तरह अपमान करना बिल्कुल सही नहीं है. वहीं पूनम दुबे और पाखा हेगड़े समेत कई एक्ट्रेसेस ने इस विवाद को तूल न देने और महिला का सम्मान करने की बात कही.

अब सबसे बड़ा सवाल…
इस पूरे विवाद ने भोजपुरी सिनेमा की पब्लिक इमेज पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है. क्या ये सिर्फ दो कलाकारों के बीच का निजी विवाद है, या फिर सोशल मीडिया की लड़ाई ने भोजपुरी इंडस्ट्री के स्तर को एक बार फिर कटघरे में खड़ा कर दिया है? फिलहाल आरोप, पलटवार और लाइव वीडियो का ये सिलसिला थमता नजर नहीं आ रहा और फैंस की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि ये विवाद आगे क्या नया मोड़ लेता है.

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button