इंदौर में झमाझम बारिश जारी, अगले सप्ताह फिर बरसेंगे घने बादल

इंदौर
प्रदेश में अब तक सर्वाधिक वर्षा वाले जिलों में देवास के साथ इंदौर अव्वल है। पिछले सप्ताह में शहर में हुई झमाझम वर्षा ने न सिर्फ औसत कोटा पूरा किया, बल्कि इंदौर में अब तक के औसत से 90 फीसद ज्यादा वर्षा हो चुकी है।
इंदौर में अगले सप्ताह भी झमाझम वर्षा का दौर जारी रहेगा। रविवार को इंदौर में भारी वर्षा की संभावना जताई गई है। उसके बाद दो दिन मध्यम वर्षा होगी और फिर भारी वर्षा होने की संभावना है।
इन तीन मौसम प्रणालियों (सिस्टम) के कारण हो रही है झमाझम बारिश
मौसम विज्ञानियों के मुताबिक वर्तमान में एक सियर जोन (दो अलग-अलग दिशाओं से आने वाली हवाओं का मिलन) मुंबई के पास बना हुआ है। इसके वजह से अरब सागर से आर्द्रता पश्चिमी मप्र की ओर आ रही है। इसके अलावा मानसून द्रोणिका उत्तर पश्चिम राजस्थान से मध्य प्रदेश, उत्तरी छत्तीसगढ़ होते हुए उत्तरी उड़ीसा तक जा रही है। इसके प्रभाव से इंदौर सहित संभाग के जिलों में झमाझम वर्षा का दौर दिखाई दे रहा है।
शनिवार को एक निम्न दाब क्षेत्र उत्तरी उड़ीसा पर बना हुआ है। यह अगले तीन दिन में उत्तरी छत्तीसगढ़ होते हुए मप्र की ओर बढ़ेगा। ऐसे में इंदौर में सप्ताह के मध्य में भी शहर में भारी वर्षा होने की संभावना जताई गई है।
अगले 7 दिनों का मौसम और तापमान पूर्वानुमान
दिनांक अधिकतम तापमान न्यूनतम तापमान वर्षा की संभावना
5 जुलाई 29 22 भारी
6 जुलाई 29 22 मध्यम
7 जुलाई 29 22 मध्यम
8 जुलाई 29 22 भारी वर्षा
9 जुलाई 30 22 भारी वर्षा
10 जुलाई 30 23 हल्की से मध्यम
11 जुलाई 30 23 हल्की से मध्यम
नोट: तापमान डिग्री सेल्सियस में है।





